नई दिल्ली : भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला बुधवार (23 जुलाई) से मैनचेस्टर में खेला जाएगा। इस मैच में भारतीय टीम की नजर इंग्लैंड से पिछली हार का बदला लेने पर होगी। शुभमन गिल के नेतृत्व वाली टीम के लिए इस मैच में जीत दर्ज करना जरूरी है। इंग्लैंड की टीम पहले ही 1-2 से आगे चल रही है।
सीरीज बचाने के लिए हर हाल में चाहिए जीत
इंग्लैंड ने लीड्स में खेले गए सीरीज के पहले मैच में जीत हासिल की थी, जबकि भारत ने दूसरे टेस्ट मैच को जीतकर सीरीज 1-1 से बराबर कर दी थी। लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में भारत ने दबदबा बनाया था, लेकिन पांचवें मैच में आसान सा लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी थी। इस हार के चलते भारत सीरीज में पिछड़ गया। अब उसे सीरीज में बने रहने के लिए चौथा मुकाबला हर हाल में जीतना होगा। भारत के लिए यह मैच काफी महत्वपूर्ण है, लेकिन खिलाड़ियों की चोट से उसकी मुश्किलें काफी बढ़ गई है।