Jasprit Bumrah Wickets In Australia: जसप्रीत बुमराह की गिनती भारत के बेहतरीन गेंदबाजों में होती है और उन्होंने अपने दम पर टीम इंडिया को कई बार मुश्किल परिस्थितियों से निकाला है और जीत दिलाई है। उनकी यॉर्कर गेंद का कोई भी सानी नहीं है। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में बुमराह बहुत ही अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। पहले टेस्ट मैच में उन्होंने अपने दम पर भारतीय टीम को जीत दिलाई थी और तब 8 विकेट हासिल किए थे। अब तीसरे मुकाबले में उन्होंने दमदार गेंदबाजी का नमूना पेश किया है।
बुमराह ने ऑस्ट्रेलिया में हासिल किए 53 विकेट
तीसरे टेस्ट मैच में जसप्रीत बुमराह ने पहली पारी में 6 विकेट और दूसरी पारी में तीन विकेट हासिल किए। दोनों ही पारियों में वह ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली बने रहे। उनकी गेंदों को विरोधी टीम के बल्लेबाज ज्यादा समझ नहीं पाए और आउट हो गए। बुमराह अब ऑस्ट्रेलियाई धरती पर सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले भारतीय बॉलर बन गए हैं। उन्होंने कपिल देव सहित सभी भारतीय गेंदबाजों को पीछे कर दिया है। बुमराह के नाम ऑस्ट्रेलिया में अब 53 टेस्ट विकेट हो गए हैं। वहीं कपिल देव ने ऑस्ट्रेलिया में 51 विकेट हासिल किए थे।