आईसीसी ने एक बार फिर से नई रैंकिंग जारी कर दी है। आज ही भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट मुकाबला खत्म हुआ है। इसके बाद ही आईसीसी ने नई रैंकिंग जारी कर दी है। हालांकि ये मैच चुंकि आज तक चला है, इसलिए उसके आंकड़े रैंकिंग में नहीं जोड़े गए हैं। इसके बाद भी नई रैंकिंग में कई सारे फेरबदल हो गए हैं। खास तौर पर नंबर वन की कुर्सी में फिर से बदलाव हो गया है। हैरी ब्रूक इससे पहले नंबर एक बल्लेबाज थे, लेकिन अब वे नीचे आ गए हैं। जो रूट ने फिर से नंबर एक की कुर्सी पर कब्जा कर लिया है।
जो रूट नंबर वन और हैरी ब्रूक दूसरे नंबर पर पहुंचे
आईसीसी की ओर से जारी की गई नई टेस्ट रैंकिंग में जो रूट पहले नंबर पर पहुंच गए हैं। जो रूट की रेटिंग इस वक्त बढ़कर 895 की हो गई है। वे इससे पहले दूसरे स्थान पर थे, लेकिन अब वे फिर से टॉप की कुर्सी पर कब्जा जमाने में कामयाब हो गए हैं। इस बीच इंग्लैंड के ही हैरी ब्रूक दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं। उन्हें एक स्थान का नुकसान हुआ है। वे 876 की रेटिंग के साथ अब दूसरे स्थान पर हैं। उन्हें हल्का सा नुकसान हुआ है। इस बीच केन विलियमसन ने अपने पिछले ही मुकाबले में सेंचुरी लगाई थी, इसलिए उनकी रेटिंग तो बढ़ी है, लेकिन रैंकिंग में कोई असर नहीं पड़ा है। उनकी रेटिंग अब 867 की हो गई है।