नई दिल्ली: शेयर मार्केट में आज लगातार चौथे दिन गिरावट दिख रहा है लेकिन देश की सबसे बड़ी डिजिटल पेमेंट कंपनी पेटीएम (Paytm) के शेयरों में काफी तेजी आई है। पेटीएम की पेरेंट कंपनी वन 97 कम्युनिकेशंस (One 97 Communications) का शेयर बाजार खुलते ही पांच परसेंट के अपर सर्किट पर पहुंच गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गौतम अडानी (Gautam Adani) पेटीएम में हिस्सेदारी खरीदने की तैयारी में हैं। इससे कंपनी का शेयर बीएसई पर बाजार खुलते ही पांच फीसदी तेजी के साथ 359.55 रुपये पर पहुंच गया। कंपनी का शेयर मंगलवार को 342.45 रुपये पर बंद हुआ था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अडानी पेटीएम में निवेश के लिए वेस्ट एशिया के कुछ फंड्स से भी बातचीत कर रहे हैं। आरबीआई ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड की कुछ एक्टिविटीज पर 15 मार्च से रोक लगा दी थी। मार्च तिमाही में पेटीएम का घाटा 550 करोड़ रुपये रहा जबकि पिछले साल समान तिमाही में उसे 169 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।