लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के लिए 12000 से ज्यादा वाहनों का अधिग्रहण होगा। ये वाहन मतदान के 3-4 दिन पहले लिए जाएंगे। इसके लिए वाहन मालिकों की बैठक लेकर पहले ही वाहन उपलब्ध कराने की हिदायत दी गई है। इसमें यात्री एवं स्कूल बस, कार, छोटी और बड़े मालवाहक वाहन शामिल हैं। इन वाहनों का अधिग्रहण राज्य पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा किया जा रहा है। वाहनों की कमी को देखते हुए रायपुर से बलौदाबाजार के लिए 150 और सारंगढ़ के लिए 30 वाहन परिवहन विभाग द्वारा भेजा जाएगा।
वहीं प्रथम और दूसरे चरण के बाद फोर्स को तीसरे चरण में 7 मई को होने वाले मतदान के लिए मूवमेंट कराया जा रहा है। साथ ही राज्य के बाॅर्डर के इलाकों में तैनात केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों को अन्य राज्यों में रवानगी के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई है। बता दें कि राज्य में बस्तर, कांकेर और राजनांदगांव में मतदान के बाद चुनावी फोर्स गंतव्य स्थान की ओर रवाना हो रही है। नक्सल प्रभावित इलाकों से उन्हें सुरक्षित वापसी के लिए एक्शन प्लान बनाया गया है।