भारत न्याय यात्रा के रूट के साथ ही सीट शेयरिंग पर चर्चा

भारत न्याय यात्रा के रूट के साथ ही सीट शेयरिंग पर चर्चा

नई दिल्ली : कांग्रेस में गुरुवार को अहम बैठकें होंगी। इसमें राहुल गांधी की अगुआई में निकलने वाली भारत न्याय यात्रा के रूट के बारे में संबंधित राज्यों के नेताओं से चर्चा होगी। आगामी आम चुनावों को लेकर राज्यों के साथ मंथन किया जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ बैठकों को दौर कांग्रेस ऑफिस में सुबह 11 बजे से शुरू होगा। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष खरगे, संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल, राज्यों के प्रभारी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और विधायक दल के नेता भाग लेंगे। कांग्रेस की मैनिफेस्टो कमिटी की बैठक भी होगी, जिसके अध्यक्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम हैं।

गुरुवार को यात्रा से जुड़े 14 राज्यों के प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल के नेताओं की बैठक में यात्रा के रूट को अंतिम रूप दिया जाएगा। पार्टी के एक अहम सूत्र के मुताबिक, 8 जनवरी के रूट की जानकारी साझा करने के साथ ही लोगो और टैगलाइन भी जारी की जाएगी। 12 जनवरी को यात्रा का थीम सॉन्ग लॉन्च होगा, जो हिंदी और अंग्रेजी के अलावा क्षेत्रीय भाषाओं में भी होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *