अमरीकाः घुसपैठ रोकने को मैक्सिको सीमा पर दीवार बनाने का फैसला

अमरीकाः घुसपैठ रोकने को मैक्सिको सीमा पर दीवार बनाने का फैसला

प्रवासी नीति को लेकर आलोचना का सामना कर रहे अमरीका के बाइडन प्रशासन ने मैक्सिको सीमा से घुसपैठ रोकने के लिए अब नीतिगत स्तर पर अहम यू-टर्न लिया है। बाइडन प्रशासन के गृह मंत्रालय ने टैक्सस से अवैध घुसपैठ के बढ़ते स्तर को रोकने के लिए दक्षिणी टेक्सस में दीवार के एक हिस्से का निर्माण करने की तत्काल जरूरत को रेखांकित किया है। लगभग 32 किमी की इस सीमा का निर्माण मेक्सिको से लगती सीमा पर स्टार काउंटी में किया जाएगा, जहां पिछले दिनों भारी संख्या में घुसपैठ में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस वित्त वर्ष में अब तक इस क्षेत्र से लगभग 2 लाख 45 हजार अवैध प्रवासियों ने प्रवेश किया है। इस दीवार के तेजी से निर्माण में बाधा नहीं आए इसके लिए 26 संघीय कानूनों जैसे लुप्तप्राय प्रजाति अधिनियम, स्वच्छ जल अधिनियम आदि को दरकिनार करने की अनुमति भी दे दी गई है।

बाइडन प्रशासन द्वारा जारी कार्यकारी आदेश में कहा गया है कि, ‘परियोजना क्षेत्रों में अवैध घुसपैठ के प्रवेश को रोकने के लिए अमरीका की सीमा पर भौतिक बाधाओं (दीवार) और सड़कों के द्रुत गति से निर्माण की तत्काल आवश्यकता है।’ इस तरह के व्यापक प्रभाव वाले आदेश ट्रंप के कार्यकाल में जारी होते थे, जिनका पहली बार बाइडन के कार्यकाल में उपयोग किया गया है। गौरतलब है कि चुनाव से पहले राष्ट्रपति जो बाइडन कहते रहे हैं कि वे मैक्सिको सीमा पर दीवार नहीं बनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *