बिपाशा बसु ने हाल ही में बताया कि उनकी बेटी देवी के जन्म के समय उनके दिल में दो छेद थे। बिपाशा ने नेहा धूपिया के साथ लाइव चैट के दौरान ये जानकारी दी। उन्होंने ये भी बताया कि उनकी बेटी के जन्म के तीन महीने बाद ही बेटी की ओपन हार्ट सर्जरी करानी पड़ी।
बिपाशा बसु और करण सिंह ग्रोवर की बेटी का जन्म 12 नवंबर 2022 को हुआ। बिपाशा और करण सिंह ग्रोवर ने बेटी का नाम अनाउंस करने के लिए एक खास पोस्ट शेयर की थी। बिपाशा ने बताया कि उनकी बेटी जब पैदा हुई तो उन्हें ये नहीं मालूम था कि उसे वेंट्रिकुलर सेप्टल डिफेक्ट था। देवी के जन्म के समय उसके दिल में दो जगह छेद थे।
नॉर्मल पेरेंट से बहुत अलग है मेरी जर्नी: बिपाशा
बिपाशा ने अपनी मां बनने की जर्नी के बारे में कहा- हमारे मां-बाप बनने का सफर किसी नॉर्मल पेरेंट से बहुत अलग है। आज मेरे चेहरे पर जो मुस्कान है वो काफी मुश्किलों के बाद आई है। मैं नहीं चाहती कि कभी भी किसी और मां को ऐसी चीज से गुजरना पड़े। आप ये सोचकर देखिए कि आप अभी-अभी मां बनी हैं और आपको पता चल रहा हो कि आपके बच्चे की सर्जरी करनी पड़ेगी, तो आपको कैसा महसूस होगा।