उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के देवबंद इलाके में भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला हुआ है। वह दिल्ली से अपने घर सहारनपुर के छुटमलपुर कस्बे जा रहे थे।
हरियाणा नंबर की कार से आए हमलावरों ने चंद्रशेखर पर 4 राउंड फायरिंग की। गोली उनके पेट को छूते हुए निकल गई।
फायरिंग में आजाद की कार के शीशे भी टूट गए हैं। CCTV फुटेज में गाड़ी का नंबर HR-70D-0278 दिख रहा है।
हमलावर घटना से 7 किलोमीटर दूर मिलकपुर गांव के पास स्विफ्ट डिजायर कार छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने गाड़ी बरामद कर ली है। कार विकास कुमार के नाम पर बताई जा रही है।
वारदात के बाद चंद्रशेखर को देवबंद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। यहां से शुरुआती इलाज के बाद सहारनपुर के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। यहां उन्हें एक्स-रे कराने के बाद ICU में भर्ती कराया गया है।