भाजपा नेता निलेश राणे ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) चीफ शरद पवार को औरंगजेब का अवतार कहा था। NCP ने इसके विरोध में शुक्रवार को जेल भरो आंदोलन करने का ऐलान किया है।
NCP प्रवक्ता महेश तापसे का कहना है कि निलेश को अपने ट्वीट के लिए महाराष्ट्र की जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्हें 24 घंटे के भीतर अपना ट्वीट हटाना होगा।
साथ ही बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्षजेपी नड्डा और महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वे राणे से सहमत हैं।
महेश ने कहा कि अगर राणे ने ट्वीट डिलीट नहीं किए तो NCP शुक्रवार (9 जून) सुबह 11 बजे दक्षिण मुंबई के एमआरए मार्ग पुलिस स्टेशन में जेल भरो आंदोलन के साथ विरोध करेगी। NCP ने निलेश के ट्वीट पर ट्विटर से भी कार्रवाई करने की मांग की है।
अब जान लीजिए निलेश राणे ने ट्विटर पर क्या लिखा था
भाजपा नेता निलेश राणे ने 7 जून को ट्विटर पर लिखा था- कभी-कभी लगता है कि शरद पवार औरंगजेब के अवतार हैं। जब चुनाव नजदीक आते हैं तो पवार साहब को मुस्लिम समुदाय की चिंता हो जाती है।