शराब पीने के आदी पुलिसकर्मियों के बाद अब अनफिट पुलिसकर्मी असम पुलिस की रडार पर हैं। असम पुलिस मोटे पुलिसकर्मियों का ऑफिशियल रिकॉर्ड रखेगी। इसके लिए उनका बॉडी मास इंडेक्स (BMI) लिया जाएगा। यह कदम पुलिसकर्मियों को डेडवुड से छुटकारा दिलाने के लिए उठाया जा रहा है। असम पुलिस में लगभग 70 हजार फोर्स है।
अनफिट कर्मियों को 3 महीने का अल्टीमेटम दिया गया है। साथ ही कहा गया है कि 3 महीने में फिट हो जाएं या फिर रिटायर हो जाएं। तीन महीने बाद सभी IPS अधिकारियों और पुलिस कर्मियों का बॉडी मास इंडेक्स (BMI) रिकॉर्ड किया जाएगा।
सबसे पहले रिकॉर्ड होगा DG का BMI
DGP जीपी सिंह ने ट्वीट में लिखा- हम 15 अगस्त तक IPS-APS अधिकारियों समेत सभी असम पुलिस कर्मियों को तीन महीने का समय देंगे। इसके बाद अगले पंद्रह दिनों में BMI का वैरिफिकेशन करने की प्लानिंग है। वे सभी पुलिसकर्मी जो मोटापे की श्रेणी (BMI30+) में आते हैं, उन्हें वजन कम करने के लिए तीन महीने और दिए जाएंगे। इसके बाद स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) लेने को कहा जाएगा।