भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा और आखिरी टेस्ट कल से खेला जाएगा। मैच गुरुवार सुबह 9:30 बजे से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुरू होगा। टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच दोनों ही देशों के लिए बहुत अहम है। भारत इस वक्त सीरीज में 2-1 से आगे है। चौथा टेस्ट जीतने पर टीम सीरीज जीतने के साथ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी प्रवेश कर जाएगी। जहां टीम का सामना ऑस्ट्रेलिया से ही होगा।
अगर ऑस्ट्रेलिया आखिरी टेस्ट जीत गई तो सीरीज 2-2 से बराबर हो जाएगी। ऐसे में ट्रॉफी तो भारत के पास ही रहेगी, क्योंकि भारत ने 2020-21 में पिछली टेस्ट सीरीज जीती थी। लेकिन, ऑस्ट्रेलिया 20 साल में पहली बार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी ड्रॉ कराने का कारनामा कर लेगी। पिछली बार 2003 में ऑस्ट्रेलिया में दोनों के बीच सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही थी।