रेलवे में नौकरी के बदले जमीन केस में CBI ने लालू यादव से दिल्ली में CBI ने दो राउंड पूछताछ की। पहले सुबह 3 घंटे और फिर दोपहर में डेढ़ घंटे सवाल-जवाब किए। CBI की टीम उनकी बेटी मीसा भारती के घर पहुंची थी। दोनों राउंड की पूछताछ के दौरान लालू की बेटी रोहिणी आचार्या ने कहा कि पापा को परेशानी हुई तो दिल्ली की कुर्सी हिला देंगे।
लालू सिंगापुर से किडनी ट्रांसप्लांट के बाद दिल्ली में मीसा भारती के आवास पर ही रह रहे हैं। एक दिन पहले पटना में पूर्व CM राबड़ी देवी से उनके आवास पर CBI ने करीब साढ़े 4 घंटे तक पूछताछ की थी। इस दौरान 48 सवाल किए थे।
लैंड फॉर जॉब स्कैम में CBI की चार्जशीट पर कोर्ट ने लालू, राबड़ी और मीसा को समन जारी किया था। CBI ने चार्जशीट में लालू प्रसाद के अलावा राबड़ी देवी और 14 अन्य को आरोपी बनाया है। 15 मार्च को कोर्ट में इनको पेश होने के आदेश दिए गए हैं।