इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (IMF) की मैनेजिंग डायरेक्टर क्रिस्टलीना जॉर्जीवा ने कहा कि भारत वर्ल्ड इकोनॉमी में एक ब्राइट स्पॉट बना हुआ है, और 2023 की ग्लोबल ग्रोथ में अकेले 15% का योगदान देगा। वहीं ग्लोबल ग्रोथ में इमर्जिंग मार्केट और डेवलपिंग इकोनॉमीज की हिस्सेदारी करीब 80% होने की उम्मीद जताई है। जॉर्जीवा ने कहा कि डिजिटाइजेशन ने दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था को महामारी से बाहर निकाला।
FY24 में 6.1% ग्रोथ का अनुमान
जॉर्जीवा ने एक इंटरव्यू में पीटीआई को बताया ‘भारत का प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा है। हम उम्मीद करते हैं कि मार्च में समाप्त होने वाले वित्त वर्ष में भारत 6.8% ग्रोथ रेट बनाए रखेगा। वित्त वर्ष 2023/24 (अप्रैल 2023 से मार्च 2024) के लिए हम 6.1% का अनुमान लगा रहे हैं, जो दुनिया की बाकी अर्थव्यवस्थाओं की तरह थोड़ा धीमा है, लेकिन वैश्विक औसत से काफी ऊपर है। यह प्रमुख इकोनॉमीज में सबसे तेज विकास दर है।