कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव को पिछले साल 10 अगस्त को जिम में एक्सरसाइज करते समय हार्ट अटैक आया और फिर 42 दिनों तक हॉस्पिटल में एडमिट रहने के बाद उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद लोगों को लगने लगा कि ज्यादा एक्सरसाइज करने की वजह से लोगों को हार्ट अटैक आ रहे हैं। वहीं अब इस बारे में बात करते हुए राजू की बेटी अंतरा ने एक इंटरव्यू में कहा कि उनके पिता के साथ जो हुआ वो महज इत्तेफाक था। इसके लिए जिम को दोषी नहीं ठहराना चाहिए। साथ ही कि जब राजू हॉस्पिटल में एडमिट थे तब अमिताभ बच्चन रोज उनकी तबीयत के बारे में पूछते थे।
राजू फिजिकल फिटनेस को लेकर बहुत अवेयर थे
राजू की बेटी ने उनके जिम रूटीन के बारे में बात करते हुए कहा, ‘पापा कोशिश करते थे कि वो अपने जिम रूटीन को ना छोड़ें। वो अपनी फिजिकल फिटनेस को लेकर बहुत अवेयर रहते थे। वो हर दूसरे दिन जिम जरुर जाते थे।’