अमेजन इस महीने से 18 हजार से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी करने जा रहा है। बीते कुछ सालों में अमेजन ने बड़ी संख्या में एम्प्लॉइज की भर्ती की थी, लेकिन अब मंदी की आशंकाओं के बीच कर्मचारियों को कम किया जा रहा है। इस छंटनी से कई टीमें प्रभावित होंगी। सबसे ज्यादा कर्मचारी अमेजन स्टोर और पीपल, एक्सपीरियंस एंड टेक्नोलॉजी (PXT) टीम के हैं।
इससे पहले कंपनी ने पिछले साल नवंबर में 10 हजार कर्मचारियों की छंटनी की घोषणा की थी। अमेजन के पास सितंबर के अंत तक 15 लाख से ज्यादा कर्मचारी थे, जो इसे सबसे बड़े अमेरिकी एम्प्लॉयर्स में से एक बनाता है। अमेजन के इस फैसले के बाद उसके शेयर में 2% की तेजी देखने को मिली। हालांकि बाद में शेयर करीब-करीब फ्लैट बंद हुआ।
सेपरेशन पेमेंट, इंश्योरेंस मिलेगा
अमेजन के CEO एंडी ने कहा- जो लोग इस छंटनी से प्रभावित हुए हैं उन्हें हम एक सेपरेशन पेमेंट, ट्रांजिशनल हेल्थ इंश्योरेंस बेनिफिट और एक्सटर्नल जॉब प्लेसमेंट सपोर्ट दे रहे हैं। उन्होंने ये भी कहा कि इन कटौतियों से प्रभावित लोगों के योगदान के लिए मैं बहुत आभारी हूं। वहीं जो लोग हमारे साथ आगे की यात्रा जारी रखेंगे, उनसे मैं हर दिन ग्राहकों के जीवन को बेहतर और आसान बनाने के लिए पार्टनरशिप की आशा करता हूं।