सिडनी टेस्ट के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया साउथ अफ्रीका पर पूरी तरह हावी हो गया है। ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट पर 475 रन बना लिए हैं। टीम के उस्मान ख्वाजा 195 और मैट रेन्शॉ 5 रन बनाकर नाबाद लौटे। इनसे पहले स्टीवन स्मिथ ने अपना 30वां टेस्ट शतक पूरा किया। साउथ अफ्रीका के लिए एनरिक नॉर्त्या को सबसे ज्यादा 2 विकेट मिले।
तीसरे दिन का खेल सिडनी में भारतीय समयानुसार सुबह 5 बजे से शुरू होगा। 3 मैचों की सीरीज के शुरुआती 2 मैच जीतकर ऑस्ट्रेलिया 2-0 से आगे हैं। तीसरा मैच जीतना वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से साउथ अफ्रीका के लिए बहुत अहम है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की टीम इस मैच को ड्रॉ कराकर भी खुश रहेगी।
दोहरे शतक से 5 रन दूर ख्वाजा
दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने 2 विकेट पर 147 रन के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। स्टीव स्मिथ ने शतक जड़ा। ओपनर उस्मान ख्वाजा ने भी अपना 12वां टेस्ट शतक बनाया। लेकिन, वह अपनी पारी को दोहरे शतक की ओर ले जाते नजर आ रहे हैं। 368 बॉल पर 195 रन की पारी में उन्होंने 19 चौके और एक छक्का जड़ा। यह उनका टेस्ट करियर में बेस्ट स्कोर है। इससे पहले नवंबर 2015 में उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 174 रन की पारी खेली थी।