जर्मनी की राजधानी बर्लिन के रैडिसन ब्लू होटल का एक मशहूर एक्वेरियम शु्क्रवार को टूट गया। यह घटना सुबह के 5 बजकर 45 मिनट पर हुई। एक्वेरियम इतना बड़ा था कि इसके टूटने के बाद पूरे होटल और सड़क पर लाखों लीटर पानी की बाढ़ आ गई। घटना की जानकारी मिलते ही एमेर्जेंसी सर्विसेज के 100 लोगों की टीम तुरंत घटना स्थल पर पहुंची।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक बर्लिन के मिट्टे जिले में एक्वाडोम नाम का यह एक्वेरियम फटने से 264,172 गैलन पानी चारों और फैल गया। अधिकारियों ने बताया कि इस एक्वेरियम में 1500 मछलियां थी जो होटल की लॉबी में फैल गई।
घटना में दो लोग भी हुए घायल
एक्वाडोम एक्वेरियम की ऊंचाई 15.85 मीटर थी। इसे दुनिया के सबसे बड़े बेलनाकार मछलीघर के तौर पर जाना जाता था। एक्वेरियम के टूटने से गिरे कांच से दो लोग घायल भी हुए हैं। बर्लिन पुलिस ने कहा कि यह बहुत बड़ा नुकसान है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इसके लिए एक्सपर्ट की सलाह भी ली जाएगी। इस घटना के बाद ज्यादातर लोगों को होटल से बाहर निकाल लिया गया है।