श्रद्धा मर्डर केस में आफताब की नई गर्लफ्रेंड सामने आई है। उसने दावा किया है कि श्रद्धा के मर्डर या उसके टुकड़ों से उसका कोई लेना-देना नहीं है। लड़की ने बताया कि जब वह आफताब से मिलने उसके घर आती थी, तो उसे अंदाजा भी नहीं था कि आफताब ने इसी घर में श्रद्धा की लाश के टुकड़े रखे थे।
मई में श्रद्धा के मर्डर के बाद आफताब ने इस नई लड़की को डेट करना शुरू किया था। दोनों की मुलाकात उसी बम्बल ऐप पर हुई थी, जिसके जरिए श्रद्धा और आफताब मिले थे। यह नई गर्लफ्रेंड अक्टूबर में दो बार आफताब के घर आई थी। उसने पुलिस को यह भी बताया कि आफताब ने उसे 12 अक्टूबर को एक आर्टिफिशियल रिंग दी थी। पुलिस ने उससे यह रिंग बरामद कर ली है और उसका बयान रिकॉर्ड कर लिया है।
पेशे से साइकेट्रिस्ट है आफताब की नई पार्टनर
रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस की जांच में सामने आया कि श्रद्धा के मर्डर के 12 दिन बाद 30 मई को दोनों कॉन्टैक्ट में आए। आफताब की नई पार्टनर एक साइकेट्रिस्ट है। उसने पुलिस को बताया कि वह अक्टूबर में दो बार आफताब के घर गई थी, लेकिन उसे कभी महसूस नहीं हुआ कि इस घर में किसी का मर्डर हुआ है या यहां किसी इंसानी शरीर के टुकड़े रखे हुए थे।