भानुप्रतापपुर विधानसभा उप चुनाव का रण अब गरमाने जा रहा है। अभी तक स्थानीय नेताओं के नेतृत्व में चल रहे प्रचार अभियान में अब बड़े स्टार प्रचारकों की एंट्री होने जा रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 30 नवम्बर, एक दिसम्बर और तीन दिसम्बर को ताबड़तोड़ जनसभाओं और रोड शो में शामिल हो रहे हैं। वहीं दूसरे मंत्री और विधायक भी एक सप्ताह के लिए भानुप्रतापपुर पहुंच रहे हैं।
कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बताया, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 30 नवंबर को कोडेकुर्सी, भानुप्रतापपुर, पुरी और टंहकापार में चुनावी सभाओं को संबोधित करने वाले हैं। अगले दिन यानी 1 दिसम्बर को मुख्यमंत्री दुर्गुकोंदल और चारामा में जनसभा के बाद रोड शो में भी शामिल होंगे। प्रचार के अंतिम दिन यानी 3 दिसम्बर को मुख्यमंत्री बघेल कोरर और लखनपुरी में सभा को संबोधित करने वाले हैं। यानी इस प्रचार अभियान में रोड शो सहित आठ चुनावी सभाओं को संबोधित करने वाले हैं।
उप चुनाव में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ही कांग्रेस के सबसे बड़े प्रचारक हैं। 17 नवम्बर को नामांकन के बाद मुख्यमंत्री पहली बार इस चुनाव में प्रचार के लिए उतरने वाले हैं। इसके लिए चुनाव अभियान समिति ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बताया जा रहा है, मुख्यमंत्री की सभा और रोड शो को लेकर सभी स्तर की तैयारी हो रही है।