फिलीपींस के एक दक्षिणी प्रांत में भारी बारिश के चलते बाढ़ और भूस्खलन से 72 लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही करीब 14 लोग लापता और 33 लोग घायल हैं। बारिश के चलते कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, इससे लोग अपने घरों में फंस गए हैं। पहले बारिश और भूस्खलन से मांगे गए लोगों की संख्या 45 बताई गई थी। बाद में नागरिक सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में गई टीम ने रिपोर्टिंग में गलती की थी। इसकी वजह से मौतों की गणना दोबारा की गई। राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा प्रमुख राफेलिटो एलेजांद्रो ने इसकी पुष्टि की है।
कई इलाकों तक नहीं पहुंची मदद
5 मुस्लिम स्वायत्त प्रांतों के गृह मंत्री नगुइब सिनारिम्बो के मुताबिक, मैगुइन्डानाओ प्रांत के 3 शहर इस आपदा से सबसे अधिक प्रभावित हैं। यहां बाढ़ और मलबे में दबने से सबसे ज्यादा मौतें दर्ज की गई हैं। उन्होंने बताया कि पूरी रात भारी बारिश की वजह से पानी मलबे के साथ नदियों में आया है। इसके चलते कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। लोगों को राहत पहुंचाई जा रही है, कुछ इलाके हैं जहां तक हम अभी भी नहीं पहुंच पाए हैं।