एशिया कप के सुपर-4 मुकाबलों से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा घुटने की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह अक्षर पटेल को टीम में शामिल किया गया है। पाकिस्तान और हांगकांग के खिलाफ जडेजा टीम का हिस्सा थे। वहीं, अक्षर पटेल रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर UAE गए हुए थे।
एशिया कप में जडेजा का प्रदर्शन
पाकिस्तान के खिलाफ मैच में जडेजा ने 29 गेंदों में 35 रनों की शानदार पारी खेली थी जिसमें दो छक्के और दो चौके शामिल थे। वहीं, गेंदबाजी करते हुए दो ओवर में केवल 11 रन खर्च किए थे। दूसरे लीग मैच में हांगकांग के खिलाफ जडेजा ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए चार ओवरों में केवल 15 रन खर्च करते हुए एक विकेट हासिल किया था। उन्होंने शानदार थ्रो कर एक रनआउट भी किया था।