हरियाणा के नूंह जिले में मंगलवार को खनन माफियाओं ने DSP पर डंपर चढ़ा दिया। DSP सुरेंद्र सिंह यहां छापा मारने आए थे। हालांकि, उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के करीब 4 घंटे बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में आसपास के कई गांवों को घेर लिया।
खबर है कि तावड़ू इलाके के पंचगांव में पुलिस ने एनकाउंटर किया, जिसमें डंपर के क्लीनर इकरार के पैर में गोली लगी है। इकरार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। डंपर के ड्राइवर को भी पुलिस ने घेर लिया है। दोनों ही पंचगांव के रहने वाले हैं। हालांकि हरियाणा के DGP पीके अग्रवाल ने एक आरोपी के गोली लगने और गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
उधर DSP सुरेंद्र सिंह का दोपहर बाद नूंह अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया। उनकी बॉडी हिसार स्थित उनके पैतृक गांव सारंगपुर ले जाई जाएगी। DSP सुरेंद्र सिंह का अंतिम संस्कार मंगलवार को उनके पैतृक गांव सारंगपुर में ही किया जाएगा।
तावड़ू पुलिस ने पंचगांव की पहाड़ी में बड़े स्तर पर अवैध खनन की सूचना मिली थी। DSP सुरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ पहाड़ी पर रेड मारने पहुंचे थे। पहाड़ी पर उन्हें पत्थर ले जाते वाहन मिले, जिसे उन्होंने रोकना शुरू कर दिया। इसी बीच माफियाओं ने DSP पर पत्थरों से भरा डंपर चढ़ा दिया।