पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार 19 मार्च को होगा। सुबह 11 बजे 10 मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह चंडीगढ़ स्थित राजभवन में होगा। भगवंत मान ने खुद सोशल मीडिया पर अपने नए मंत्रियों की लिस्ट शेयर की।
भगवंत मान की ओर से जिन विधायकों के मिनिस्टर बनने की जानकारी दी गई, उनमें हरपाल सिंह चीमा, डॉ. बलजीत कौर, हरभजन सिंह ईटीओ, डॉ. विजय सिंगला, गुरमीत सिंह मीत हेयर, हरजोत सिंह बैंस, लाल चंद कटारूचक्क, कुलदीप सिंह धालीवाल, लालजीत सिंह भुल्लर और ब्रह्म शंकर (जिम्पा) के नाम शामिल हैं। नए बनने वाले मंत्रियों में एक महिला डॉ. बलजीत कौर भी शामिल है।
आम आदमी पार्टी ने कैबिनेट के लिए नाम फाइनल करते समय जातिगत फैक्टर का भी पूरा ख्याल रखा। नए मंत्रियों के शपथ लेने के बाद सरकार में CM भगवंत मान समेत 4 जट्टसिख, 3 हिंदू और 4 दलित मंत्री होंगे। इसके अलावा कोटकपूरा से दूसरी बार विधायक चुने गए कुलतार संधवां को पंजाब विधानसभा का स्पीकर बनाया जा सकता है।
कैबिनेट में मालवा का दबदबा
मिनिस्टर बनने वाले इन 10 MLA में से हरपाल सिंह चीमा और गुरमीत सिंह मीत हेयर दूसरी बार चुनाव जीते हैं जबकि बाकी 8 विधायक पहली बार विधानसभा पहुंचे हैं। भगवंत मान ने अपने पहले कैबिनेट विस्तार में पंजाब के तीनों इलाकों, मालवा, माझा और दोआबा में पॉलिटिकल बैलेंस बनाने का पूरा ख्याल रखा है। मंत्री बनने वाले 10 MLA में से 4 मालवा एरिया से आते हैं जहां पंजाब विधानसभा की 117 में से 69 सीटें आती हैं। इन चार मंत्रियों के अलावा मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद भी मालवा एरिया के संगरूर जिले की धूरी विधानसभा सीट से विधायक है। AAP ने इस बार मालवा की इन 69 सीटों में से 66 पर जीत हासिल की।