भारतीय टेस्ट टीम से बाहर हो चुके मिडिल ऑर्डर बैट्समैन अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा को BCCI के सालाना कॉन्ट्रैक्ट में भी डिमोशन झेलनी पड़ी है। इनके साथ-साथ ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को भी झटका लगा है। पहले इन तीनों खिलाड़ियों को ग्रेड A कॉन्ट्रैक्ट मिला हुआ था। अब रहाणे और पुजारा ग्रेड B में आ गए हैं। वहीं, पंड्या को ग्रेड C में रखा गया है। विकेटकीपर बैट्समैन ऋद्धिमान साहा को ग्रेड B से डिमोट कर ग्रेड C में रख दिया गया है।
BCCI कॉन्ट्रैक्ट की चार कैटेगरी
मौजूदा समय में BCCI कॉन्ट्रैक्ट की चार कैटेगरी है। सबसे ऊंची कैटेगरी A+ है। इसमें शामिल खिलाड़ियों को 7-7 करोड़ रुपए मिलते हैं। A कैटेगरी के खिलाड़ियों को 5-5 करोड़ रुपए दिए जाते हैं। ग्रेड B में 3 करोड़ और ग्रेड C में 1 करोड़ रुपए मिलते हैं। खिलाड़ियों की फॉर्म और टीम इंडिया को उनकी जरूरत के लिहाज से ग्रेड तय किए जाते हैं।
लंबे समय से आउट ऑफ फॉर्म हैं पुजारा और रहाणे
चेतेश्वर पुजारा ने साल 2021 से अब तक 16 टेस्ट मैचों में सिर्फ 810 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 27.93 का रहा और इसमें एक भी शतकीय पारी नहीं है। रहाणे का भी यही हाल रहा है। उन्होंने 2021 से अब तक 15 टेस्ट मैचों में 20.25 की औसत से 547 रन बनाए हैं। उनके नाम भी इस दौरान कोई शतक नहीं है।