वेस्टइंडीज के खिलाफ औपचारिकता के तीसरे एक दिवसीय क्रिकेट मैच में भारत की नजरें ‘क्लीन स्वीप’ पर होंगी जबकि शिखर धवन (Shikhar Dhawan) की वापसी को बल्लेबाजी को और मजबूती मिली है । पहले दो मैचों में भारत ने आसान जीत दर्ज की ।
दूसरे मैच में 44 रन से मिली जीत के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने कहा था कि धवन आखिरी मैच खेलेंगे। उन्होंने कहा था, ‘शिखर अगला मैच खेलेगा। बात हमेशा नतीजे की नहीं होती। उसे मैदान पर समय बिताने की जरूरत है।’
इसके मायने है कि उपकप्तान के एल राहुल (KL Rahul) फिर मध्यक्रम में विराट कोहली के साथ बल्लेबाजी करेंगे। दूसरे मैच में नौ विकेट पर 237 रन ही बना सकी भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी करने पर बड़ा स्कोर बनाना होगा।
रोहित पिछले मैच में नहीं चल सके लेकिन वह और धवन लय में होने पर किसी भी गेंदबाजी आक्रमण की बखिया उधेड़ सकते हैं।
पंत और सूर्यकुमार यादव मध्यक्रम में उतरेंगे । सूर्यकुमार ने पिछले मैच में 64 रन बनाकर अपनी जगह सुरक्षित रखी है। धवन के लिए हरफनमौला दीपक हुड्डा को जगह बनानी होगी। यह देखना होगा कि चयन के लिये उपलब्ध श्रेयस अय्यर अंतिम एकादश में होते हैं या नहीं।
भारतीय गेंदबाजों ने पहले दोनों मैचों में शानदार प्रदर्शन करके वेस्टइंडीज को 176 और 193 रन पर रोक दिया। अब श्रृंखला जीतने के बाद टीम प्रबंधन कुछ बदलाव करके नये खिलाड़ियों को मौका दे सकता है ।