पिछले चार दिनों से हो रही भारी बारिश से छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बाढ़ के हालात हैं। भारी बारिश से कई बांध लबालब भर चुके हैं। डैम से नदियों में पानी छोड़ा गया तो बाढ़ आ गई। रास्ते बंद हो गए। बस्तियों में बाढ़ का पानी घुस गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज से अधिकतर जिलों में मौसम खुल जाएगा। कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम स्तर की बरसात हो सकती है।
कोरबा जिले के पाली, पोड़ी उपरोड़ा और ऊपरी इलाके में हो रही झमाझम बारिश का सीधा असर निचले इलाकों में देखने को मिल रहा है। सभी नदी नाले उफान पर है। हसदेव बराज का जलस्तर खतरे का निशान पार कर गया है। जिसके चलते बुधवार सुबह इसका एक गेट 12 फीट तक खोलना पड़ा था। जलभराव के बढ़ने के कारण 24 घंटे के अंदर ही आज सुबह 7.45 बजे हसदेव बैराज का 7 नंबर गेट भी 12 फीट तक खोल दिया गया। दोनों गेट से करीब साढ़े 32 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इससे हसदेव नदी के निचले हिस्से में बाढ़ आ गई है। प्रशासन ने आसपास के लोगों को सतर्क रहने को कहा है।
95 फीसदी तक भरा बांगो बांध
कोरबा में मिनीमाता बांगो बांध भी 95 फीसदी तक लबालब हो चुका है। ऐसे में पानी छोड़े जाने की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। बताया जा रहा कि आज दोपहर बाद बांगो से करीब 40 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जाएगा। जो रात तक हसदेव बराज पहुंच जाएगा। ऐसे में हसदेव बराज के दूसरे गेट भी खोलने पड़ सकते हैं।