भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर में खेला जाने वाला आखिरी टेस्ट रद्द किए जाने को लेकर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान डेविड गॉवर ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि पांचवें टेस्ट से एक रात पहले भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को ईमेल किया था। गॉवर का दावा है कि भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने टेस्ट के ऊपर IPL को तरजीह दी। इसलिए वे मैच रद्द होने के साथ ही चार्टर प्लेन से UAE के लिए रवाना हो गए थे।
गॉवर ने कहा कि जब वे पहले दिन मैच देखने गए तो वहां परिस्थिति अलग थी। उन्हें पता चला कि कोरोना की वजह से आखिरी टेस्ट को रद्द कर दिया गया है। ऐसा नहीं है कि पहले टेस्ट रद्द नहीं हुए हैं। पर इस टेस्ट के रद्द होने की कोई वाजिब वजह नहीं रही।
ऐसा नहीं था कि कोरोना की वजह से इसे रद्द किया गया हो, बल्कि खिलाड़ियों ने IPL में खेलने को ज्यादा महत्व दिया। यह टेस्ट क्रिकेट के लिए अच्छा संकेत नहीं है। टेस्ट रद्द होने के साथ ही कुछ भारतीय खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह, रोहित शर्मा और विराट कोहली चार्टर प्लेन से UAE के लिए रवाना हो गए।
जब पिछली बार इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम आई थी, तब टीम के कप्तान कोहली ने कहा था कि टेस्ट क्रिकेट उनके लिए काफी महत्व रखता है।