रायपुर ADJ ने खारिज किया जमानत का आवेदन

रायपुर ADJ ने खारिज किया जमानत का आवेदन

छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग के दफ्तर में डॉक्टर की पिटाई मामले में आरोपी को फिलहाल राहत नहीं मिल रही है। इस मामले को अदालत ने गंभीर वारदात माना है। इसके आधार पर अदालत ने आरोपी अभिषेक सिंह को जमानत पर रिहा करने से इन्कार कर दिया है। अब आरोपी को कुछ दिन जेल में ही बिताना होगा।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक के निज सचिव अभिषेक सिंह ने आज ADJ विक्रम प्रताप चंद्रा की अदालत में जमानत का आवेदन दिया था। इसमें उसने खुद को निर्दोष बताया। पुलिस की ओर से इस आवेदन का विरोध किया गया। बाद में अदालत ने आरोपी की जमानत की अर्जी खारिज कर दिया। अभिषेक सिंह को पुलिस ने शनिवार 4 सितम्बर को ही गिरफ्तार किया था। सिविल लाइंस थाने में लिखाई रपट के मुताबिक आरोपी ने एक सुनवाई के लिए आयोग पहुंचे सुयश हास्पिटल के संचालक डॉ. मनोज लाहोटी को कमरे में बंद कर पीटा। उनको बंधक बनाए रखा और मोबाइल भी छीन लिया। महिला आयोग के दफ्तर में हुई मारपीट की घटना से बवाल मचा हुआ है। शहर भर के डॉक्टर इसके विरोध में लामबंद हो गए हैं। डॉक्टरों ने उसी दिन विरोध शुरू कर दिया था। रात में सभी लोग मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मिलने पहुंचे थे। सोमवार को डॉक्टरों ने राज्यपाल अनुसूईया उइके और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव से मुलाकात कर शिकायती ज्ञापन दिया। मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव अस्पताल में भर्ती डॉ. मनोज लाहोटी से मिलने भी पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *