पुडुचेरी और मरक्कानम के बीच देर रात समुद्र तट से टकराए निवार चक्रवात का असर रायपुर सहित पूरे प्रदेश में सुबह से ही दिखना शुरू हो गया। बस्तर सहित ज्यादातर जगहों पर आसमान में बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं। बिलासपुर में तो लोग दिन में अलाव तापते दिखाई दिए हैं। हालांकि मौसम विभाग ने दो-तीन दिन बाद बादल छंटने पर तेज ठंड की संभावना जताई है।
चक्रवात के टकराने के समय हवा की गति 120 से 130 किमी प्रति घंटे रहने की संभावना है। ऐसे में एक सीवियर साइक्लोनिक स्टॉर्म बना है। इसके प्रभाव से बस्तर, रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभागों के जिलों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हुई है। बिलासपुर संभाग के जांजगीर- चांपा और रायगढ़ में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ छीटें भी पड़े हैं। दिन और रात के तापमान में काफी अंतर आ गया है।