पाकिस्तान ने शुक्रवार को अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में हवाई हमला किया। इसमें 8 लोगों की मौत हो गई। इनमें 3 क्लब क्रिकेट खिलाड़ी शामिल हैं। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने इसकी पुष्टि की है। हमले में सात आम नागरिक घायल हुए हैं।
इस घटना के जवाब में, ACB ने नवंबर में पाकिस्तान में होने वाली ट्राई टी-20 सीरीज से हटने का ऐलान किया है। ACB ने कहा कि यह कदम मारे गए क्रिकेटरों के सम्मान में उठाया गया है। टूर्नामेंट में पाकिस्तान, अफगानिस्तान और श्रीलंका की टीमें हिस्सा लेने वाली थीं।
अफगान मीडिया टोलो न्यूज के मुताबिक, इन हमलों में अर्गुन और बर्मल जिलों के कई घरों को निशाना बनाया गया। ये इलाका दोनों देशों की बॉर्डर डूरंड लाइन के पास है।
दोनों देश 8 अक्टूबर को शुरू हुए संघर्ष के बाद 15 अक्टूबर की शाम 48 घंटे के लिए सीजफायर पर राजी हुए थे। जो 17 अक्टूबर की शाम को खत्म हो रहा था, लेकिन इसे आगे बढ़ाने पर सहमति बन गई थी।