नई दिल्ली: इंग्लैंड ने एशेज के लिए 16 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम में एक चौंकाने वाला बदलाव देखने को मिला है। चयनकर्ताओं ने ओली पोप को हटाकर हैरी ब्रूक टीम का नया उपकप्तान बनाया है। भारत के खिलाफ सीरीज के दौरान पोप उपकप्तान रहे थे और उन्होंने सीरीज के आखिरी मैच में बेन स्टोक्स की गैरमौजूदगी में कप्तानी भी की थी। हालांकि, उस टेस्ट में इंग्लैंड को हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद माइकल वॉन समेत कई इंग्लिश क्रिकेटरों ने ब्रूक को टेस्ट में उपकप्तानी सौंपने की मांग की थी। पोप के डिमोशन के पीछे उनका खराब फॉर्म भी मुख्य वजह रही।
स्टोक्स कंधे की चोट से उबर रहे
स्टोक्स भारत के खिलाफ सीरीज के दौरान चोटिल हुए थे। हालांकि, वही कप्तानी करेंगे और उनके एशेज सीरीज के शुरुआती टेस्ट के लिए फिट होने की पूरी संभावना है। स्टोक्स कंधे की चोट से उबर रहे हैं। इस चोट के कारण वह भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज के अंतिम टेस्ट से बाहर हो गए थे।