सतना के चित्रकूट में कांग्रेस के पूर्व विधायक नीलांशु चतुर्वेदी के घर में 24 साल की युवती ने खुद को गोली मार ली। युवती कुमारी सुमन निषाद चतुर्वेदी के घर में काम करती थी।
घटना मंगलवार शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है। सुमन ने तीसरी मंजिल के बाथरूम में पूर्व विधायक की पत्नी अर्चना चौबे की लाइसेंसी पिस्टल से अपने दाहिने कान के ऊपर कनपटी में गोली मारी। रिवॉल्वर कमरे की आलमारी के दराज में रखी थी। घटना के समय घर पर नीलांशु समेत पूरा परिवार घर पर ही था।
चित्रकूट थाना पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और घायल सुमन को जानकीकुंड अस्पताल ले गई। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नयागांव थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। नीलांशु चतुर्वेदी का बेड रूम सील कर दिया है।
सुमन की मां के मुताबिक 2 महीने बाद उसकी शादी होने वाली थी। अब तक की पुलिस जांच में सुमन का एक लव अफेयर भी सामने आया है, जो उसकी मां को पसंद नहीं था। मां ने उसका रिश्ता दूसरी जगह तय कर दिया था, लिहाजा वह मां से नाराज रहती थी।