IND vs AUS: भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच मेलबर्न में खेले गए बॉक्सिंग डे टेस्ट ने 87 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यह टेस्ट मेलबर्न में अब तक खेले गए टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा दर्शकों वाला मैच बन गया है। इस टेस्ट मैच को देखने के लिए 5वें दिन तक 3,73,691 दर्शक स्टेडियम पहुंचे। इससे पहले मेलबर्न में किसी एक टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा दर्शकों के स्टेडियम में पहुंचने का रिकॉर्ड 1937 में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेले गए टेस्ट मैच का था।
1937 एशेज टेस्ट का रिकॉर्ड टूटा
तब उस टेस्ट में छह दिन में 3,50,534 दर्शक मैच देखने स्टेडियम पहुंचे थे। उस मैच में डॉन ब्रैडमैन ने 270 रन की पारी खेली थी। कंगारुओं ने वह मैच 365 रन से अपने नाम किया था। हालांकि, इस रिकॉर्ड को भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच प्रतिद्वंद्विता ने तोड़ दिया है और बता दिया है कि भारत-ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट में टक्कर एशेज से भी ज्यादा दिलचस्प है। भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच इस बॉक्सिंग डे टेस्ट को देखने के लिए पहले दिन ही करीब 88 हजार दर्शक स्टेडियम पहुंचे थे।