Mohammad Siraj: मेलबर्न टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों ने जमकर रन कूटे. उस्मान ख्वाजा, सैम कोंस्टस, मार्नस लाबुशेन ने हाफ सेंचुरी लगाई. जबकि स्टीव स्मिथ ने शतक लगाया. लेकिन एक बार फिर से टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ऑस्ट्रेलिया के सामने बेसर रहे. जसप्रीत बुमराह ने मेलबर्न टेस्ट की पहले पारी में चार विकेट हासिल किए. वहीं रवींद्र जडेजा ने तीन विकेट चटकाए. आकाश दीप को भी दो विकेट मिले. एक विकेट वॉशिंगटन सुंदर भी ले गए. लेकिन सिराज के विकेटों का कॉलम खाली रहा. उन्होंने मेलबर्न टेस्ट में 23 ओवर बॉलिंग की. लेकिन एक भी विकेट नहीं ले पाए. इसी के साथ सिराज ने मेलबर्न में बॉलिंग में “शतक” लगा दिया. साथ ही एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया.
तोड़ा 10 साल पुराना रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी के दौरान मोहम्मद सिराज ने विकेट लेने के पूरे प्रयास किए लेकिन उन्हें कोई सफलता हाथ नहीं लगी. इसके उलट उन्होंने जमकर रन खर्च किए. सिराज ने 5.30 की इकॉनामी से 122 रन लुटाए. इसी के साथ वे मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर बिना कोई विकेट लिए सबसे ज्यादा रन खर्च करने वाले इंडियन बॉलर बन गए. उनसे पहले साल 2014 के टेस्ट के दौरान ईशांत शर्मा ने बिना कोई विकेट लिए 104 रन खर्च किए थे.