प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी आधुनिक भागीरथ
पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल जी का स्वप्न खजुराहो में होगा साकार
25 दिसम्बर को बनेगा नदी जोड़ो परियोजना का नया इतिहास
प्रतिवर्ष एक अक्टूबर को धूमधाम से मनाया जाएगा निवाड़ी जिले का गौरव दिवस
महाकाल लोक की तर्ज पर ओरछा में बनेगा अनूठा रामराजा लोक
मुख्यमंत्री निवाड़ी में किसान सम्मेलन में हुए शामिल
भोपाल : जन-कल्याण पर्व
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी आधुनिक भागीरथ हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश को समृद्ध और खुशहाल बनाने के लिये 2 बड़ी नदी जोड़ो परियोजनाएँ सौगात के रूप में दी हैं। इन परियोजनाओं से हर खेत को पानी और हर व्यक्ति को पेयजल उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी 25 दिसम्बर को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के नदी जोड़ो अभियान के संकल्प को पूरा करने छतरपुर जिले के खजुराहो आ रहे हैं। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिये मैं निवाड़ी जिले के सभी नागरिकों को आमंत्रित करता हूँ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को निवाड़ी में जन-कल्याण पर्व अंतर्गत आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुन्देलखण्ड के हर खेत तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचेगा। प्रदेश में बिजली की पर्याप्त आपूर्ति के साथ अब कृषि कार्य, उद्योग और पेयजल के लिए भरपूर पानी भी उपलब्ध होगा। देश की पहली नदी जोड़ो परियोजना से निवाड़ी के साथ संपूर्ण बुन्देलखण्ड का चहुँमुखी विकास भी संभव हो सकेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रतिवर्ष एक अक्टूबर को धूमधाम के साथ निवाड़ी जिले के स्थापना दिवस को गौरव दिवस के रूप में मनाये जाने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर “एक पेड़-माँ के नाम’’ पौधरोपण किया और राज्य सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों पर केन्द्रित विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।