Google Analytics Meta Pixel

हरियाणा के पूर्व सीएम ओम प्रकाश चौटाला का निधन, 89 साल की उम्र में ली अंतिम सांस




गुरुग्राम: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला का निधन हो गया है। वह 89 वर्ष के थे। उन्होंने गुरुग्राम स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। चौटाला को अपने घर पर दिल का दौरा पड़ा जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर सुनते ही समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।

चौधरी देवीलाल के बेटे थे ओम प्रकाश चौटाला

ओम प्रकाश चौटाला को राजनीति विरासत में मिली थी। वह चौधरी देवीलाल के बेटे थे, जो हरियाणा के साथ-साथ देश की राजनीति में भी मशहूर थे। चौधरी देवीलाल 1989 में जनता दल की सरकार में देश के उप प्रधानमंत्री थे।

चौधरी देवीलाल के 5 बच्चों में ओम प्रकाश चौटाला सबसे बड़े बेटे थे। देवीलाल जब उप प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने हरियाणा की जिम्मेदारी संभाली। ओम प्रकाश चौटाला 1989 से 91 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे। 1999 में ओम प्रकाश चौटाला ने भाजपा की मदद से हरियाणा में सरकार बनाई और सीएम बने। वे चार बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे। ओम प्रकाश चौटाला के दो बेटे अजय और अभय चौटाला हैं। दोनों ही हरियाणा की राजनीति में सक्रिय हैं। अजय चौटाला के बेटों का नाम दुष्यंत और दिग्विजय चौटाला है। दुष्यंत चौटाला हरियाणा के डिप्टी सीएम रह चुके हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ओम प्रकाश चौटाला के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट किया, “इनेलो सुप्रीमो और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओम प्रकाश चौटाला जी का निधन अत्यंत दुखद है। उन्हें मेरी विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने जीवन भर राज्य और समाज की सेवा की। यह देश और हरियाणा की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है…”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *