रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन (सीओए) के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने के लिए स्वीकृति दे दी है। सीएम के इस फैसले से भूपेश बघेल को बड़ा झटका लगा है। सीएम की स्वीकृति के बाद भूपेश बघेल अब सीओए से बाहर हो जाएंगे। अभी भूपेश बघेल इसके अध्यक्ष थे। उनका कार्यकाल 20 अगस्त 2024 यानी की आज के दिन खत्म हो रहा है। अब इसकी जिम्मेदारी खुद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय संभालेंगे। सोमवार को छत्तीसगढ़ खेल संघ के अधिकारियों ने सीएम साय से मुलाकात की थी जिसके बाद सीएम ने स्वीकृति दी है।
खेल संघ के अधिकारियों ने सीएम को बताया कि राज्य का पदेन मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन का अध्यक्ष होता था। अभी तक यह जिम्मेदारी पूर्व सीएम भूपेश बघेल संभाल रहे थे। भूपेश बघेल जब राज्य के मुख्यमंत्री थे तब उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी उसके बाद 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार हुई और भूपेश बघेल ने इस्तीफा दे दिया था।