भारत की महिला निशानेबाज मनु भाकर ने 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में कांस्य पदक जीत लिया है। यह पेरिस ओलंपिक में भारत का पहला मेडल है। मनु भाकर के मेडल जीतने पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह ने शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, मनु भाकर को 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में कांस्य पदक जीतकर पेरिस ओलंपिक में देश के लिए पहला पदक हासिल करने पर बहुत बधाई। वह शूटिंग में ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। मनु भाकर पर सारा देश गर्व कर रहा है। उनकी इस उपलब्धि से कई खिलाड़ियों, खासकर महिला खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। भविष्य में उनके और भी ऊंचाइयां छूने की कामना करती हूं।