वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने चुनावी रेस से हटने का ऐलान कर दिया है। रविवार को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी घोषणा करते हुए लिखा, ‘मेरा मानना है कि यह मेरी पार्टी और देश के सर्वोत्तम हित में है कि मैं पीछे हट जाऊंऔर अपने शेष कार्यकाल में केवल राष्ट्रपति के रूप में अपने कर्तव्यों के निर्वहन पर ध्यान केंद्रित करूं।’ बाइडन ने ये घोषणा ऐसे समय में की है, जब पिछले महीने ट्रंप के साथ हुई बहस में बेहद खराब प्रदर्शन के बाद उनके ऊपर मुकाबले से हटने का दबाव था। यह दबाव उनके अपने डेमोक्रेट साथी ही बना रहे थे। लेकिन राष्ट्रपति बाइडन के वॉइट हाउस की दौड़ से हटने के बाद डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपति उम्मीदवार के लिए जगह खाली हो गई है, जिसे भरने के लिए पार्टी को तेजी से प्रयास करना होगा। ऐसे में आइए देखते हैं कि वो कौन डेमोक्रेटिक नेता हैं, जो रेस में जगह बना सकते हैं।