मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को झारखंड में 3 जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने साहिबगंज जिले के बरहेट, पाकुड़ जिले के अमरापाड़ा और दुमका जिले के शिकारीपाड़ा में सभा कर भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे।साय ने कहा, छत्तीसगढ़ में 7 मई को लोकसभा का चुनाव संपन्न हो चुका है और हम प्रदेश की सभी 11 की 11 सीटें जीत रहे हैं। उन्होंने झारखंड की जनता से प्रदेश की सभी 14 सीटें भाजपा को जीताकर पीएम मोदी को देने का आग्रह किया।
सीएम साय ने कहा, झारखंड के लोगों को जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन की सरकार ने खूब भरमाया। हमेशा यही भ्रम फैलाते हैं कि मोदी और भाजपा सरकार आई तो यहां के जल, जंगल, जमीन को लूट लेगी।जबकि पूरे झारखंडवासियों को पता है कि यहां के जमीन को लूटने वाला एक मात्र आदमी यहां के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं। झारखंड के लिए दुर्भाग्य की बात है कि आज यहां के पूर्व मुख्यमंत्री जमीन लूटने के मामले व माइंस के लिए जमीन लेने के मामले में जेल में हैं।