इस्लामाबाद: भारत, ईरान के साथ गठजोड़ करके चीन और पाकिस्तान का मुकाबला करने के लिए तैयार हो रहा है। भारत ने लंबी बातचीत के बाद दक्षिणपूर्वी ईरान में चाबहार बंदरगाह के प्रबंधन के लिए तेहरान के साथ एक समझौता किया है। इस समझौते के तहत भारत को ईरान का चाबहार बंदरगाह 10 साल की लीज पर मिल गया है। इस समझौते पर भारतीय शिपिंग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने हस्ताक्षर किया है। यह पहली बार है जब भारत विदेश में किसी बंदरगाह का प्रबंधन करेगा। उधर, भारत और ईरान के बीच चाबहार बंदरगाह को लेकर समझौता होते ही अमेरिका भड़क गया है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने इस समझौते को लेकर संभावित प्रतिबंधों की धमकी दी है। हालांकि, भारत अब अमेरिकी धमकियों से डरने वाला नहीं है और अपने देश के हित में काम करना जारी रखे हुए है।