तेल अवीव: हमास ने इजरायल के 20 बंधकों को रिहा करने का फैसला लिया है। इजरायल की ओर से 33 बंधकों को छोड़ने का प्रस्ताव रखा गया था लेकिन हमास अपनी हिरासत में मौजूद 20 इजरायली बंधकों को रिहा करने पर सहमत हुआ है। इजरायल के रक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने कहा है कि हमास ने कतर और मिस्र के मध्यस्थों को सूचित किया है कि वह महिलाओं, बुजुर्गों और बीमारों सहित 20 इजरायली बंधकों को रिहा करने के लिए तैयार है। हालांकि अभी इस पर हमास या मध्यस्थ देशों की ओर से आधिकारिक ऐलान का अभी इंतजार है।
खलील अल-हायवा के नेतृत्व में हमास नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल युद्धविराम और इजरायली बंधकों की रिहाई के संबंध में बातचीत के लिए मिस्र की राजधानी काहिरा में है। हमास के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में खलील अल-हायवा के साथ जहीर जबरीन और गाजी हमद भी शामिल हैं।