इजरायल-हमास के युद्ध के बीच में मासूम बच्चे और निर्दोष मारे जा रहे हैं। इजरायल ने फिर से गाजा़ के राफा शहर में एयर स्ट्राइक की है। जिसमें 18 बच्चों समेत 22 लोगों की मौत हो गई है। ये हमले रात भर किए गए हैं जिसमें सोते हुए निर्दोष लोगों की हत्याएं की गईं। इधर गाज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने आरोप लगाया है कि इजरायल ने ये एयरस्ट्राइक इसलिए की क्योंकि संयुक्त राज्य अमेरिका इजरायल को अतिरिक्त सैन्य सहायता देने जा रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक इज़राइल ने राफा पर लगभग रोज हवाई हमले किए हैं जहां गाजा की 2.3 मिलियन की आधी से ज्यादा आबादी ने कहीं और रहने के लिए शरण मांगी है। गाज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि राफा में पहले इजरायली हमले में एक व्यक्ति, उसकी पत्नी और उनके 3 साल के बच्चे की मौत हो गई। मारी गई महिला गर्भवती थी वहीं दूसरे हमले में एक बड़े परिवार के 17 बच्चों और दो महिलाओं की मौत हो गई।