मनीला: फिलीपीन्स और चीन के बीच इन दिनों हालात बहुत तनावपूर्ण हो गए हैं। चीन लगातार दक्षिण चीन सागर में फिलीपीन्स के समुद्री जहाजों का रास्ता रोक रहा है और उन पर वाटर कैनन से हमला कर रहा है। यह कुछ उसी तरह से है जैसे गलवान में चीन ने भारतीय सैनिकों पर हमला किया था। इस बीच भारत ने चीन की दादागिरी के खिलाफ खुलकर फिलीपीन्स का समर्थन किया है। भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दक्षिण चीन सागर में चीन के साथ फिलीपीन के विवाद के बीच मंगलवार को कहा कि अपनी राष्ट्रीय संप्रभुत्ता को बनाए रखने में दक्षिणपूर्व एशियाई देश का भारत दृढ़ता से समर्थन करता है। इससे पहले भारत ने ऐलान किया था कि वह कुछ दिनों के भीतर फिलीपीन्स को ब्रह्मोस सुपरसोनिक मिसाइल दे देगा। फिलीपीन्स ने चीन की धौंस से निपटने के लिए इन मिसाइलों को खरीदा है।