रायपुर: छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना की शुरुआत हो गई है। लोकसभा चुनाव से पहले इस योजना को गेम चेंजर माना जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को महतारी वंदन योजना समेत राज्य सरकार की सभी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए लाभार्थियों से चर्चा करने के लिए पहुंचे। सीएम को महिलाओं ने जानकारी देते हुए कहा कि इस योजना के शुरू होने से महिलाओं से खुशी का मौहाल है। मुख्यमंत्री साय लाभार्थी संपर्क अभियान के तहत शासन की योजनाओं के बारे में जानकारी लेने के लिए राजधानी रायपुर के न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र दुर्गा नगर पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री को अपने साथ पाकर महिलाएं खुश हुईं। मुख्यमंत्री साय ने मीरा साहू, पुष्पा ध्रुव, सावित्री दीप, स्वाती राव, संतोषी राव और जमुना सोनी सहित कई महिलाओं से सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी ली।