माले: चीन से लौटने के बाद मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मोइज्जू ने भारत की पीठ में छुरा घोपा है। श्रीलंका के इंकार करने के बाद अब मालदीव ने चीन के जासूसी जहाज को रुकने की मंजूरी दे दी है। यही नहीं चीन का जासूसी जहाज शियांग यांग होंग 03 हिंद महासागर में पहुंच गया है और मालदीव की राजधानी माले की ओर बढ़ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि चीन अपने जासूसी शोध जहाज के जरिए हिंद महासागर का सर्वे करने जा रहा है। माना जा रहा है कि चीन भविष्य में हिंद महासागर में सैन्य अभियान चलाने जा रहा है और इसके लिए वह जासूसी जहाज से सर्वे कर रहा है। चीन का यह कदम भारत की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकता है।