रायपुर: राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के ठिकारों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की रेड की कार्रवाई पर छत्तीसगढ़ और राजस्थान के मुख्यमंत्रियों ने बेहद तीखी प्रतिक्रिया दी है। शुक्रवार को सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि कुत्ते बिल्ली से ज्यादा ईडी और आईटी की टीम छापेमारी के लिए घूम रहे हैं। इससे एक दिन पहले छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने एक चुनावी जनसभा में कहा कि छत्तीसगढ़ में छापेमारी करके थक गए। रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर, कोरबा में कोई गली मोहल्ला नहीं बचा जहां इन्होंने छापेमारी नहीं की। यहां ना कांग्रेस कार्यकर्ता झूके ना, व्यापारी ना, ना यहां के नेता डरे। बहुत परेशान किया, लेकिन कोई नहीं झुका। आज सड़कों पर जितने कुत्ते बिल्ली नहीं उससे ज्यादा ईडी और आईटी वाले घूम रहे। मुंगेली में सीएम भूपेश बघेल ने नामांकन रैली के दौरान यह बात कही।