नई दिल्ली: चंद्रयान के बाद सूर्य देवता की तरफ आदित्य एल-1 गया। अब गगनयान का टेस्ट हो रहा है। इसरो के वैज्ञानिकों को साधुवाद। भारत के नक्षत्र अच्छे चल रहे हैं। भारत सुपरपावर बनने की दिशा में आगे बढ़ गया है। पूरे भारत को, सोमनाथ जी को बहुत बधाई। अब हम लोगों को विश्व गुरु बनने से कोई रोक नहीं सकता… गगनयान मिशन के क्रू मॉड्यूल एस्केप सिस्टम के सफल टेस्ट के बाद भाजपा सांसद रवि किशन ने यह बात कही। वह काफी गदगद दिखे। इसी तरह की प्रतिक्रियाएं पूरे देश से आ रही हैं। इसरो ने आज एक छोटे रॉकेट के जरिए इंसान को अंतरिक्ष में भेजने के अपने महत्वाकांक्षी कार्यक्रम ‘गगनयान’ की दिशा में पहला कदम बढ़ाया। इसरो का लक्ष्य तीन दिवसीय गगनयान मिशन के लिए मानव को पृथ्वी की निचली कक्षा में अंतरिक्ष में भेजना और उन्हें वापस लाना है। आज पहले मौसम और कुछ तकनीकी खामियों के कारण देरी हुई लेकिन इसरो ने हार नहीं मानी और टेस्ट सफल रहा। क्रू मॉड्यूल बंगाल की खाड़ी में तय जगह पर लैंड किया।
कहते हैं कोशिश करने वालों की हार नहीं होती… इसरो ने आज इस बात को साबित कर दिया। पहले मौसम खराब होने से बार-बार लेट हो रहा था फिर तकनीकी खामी ने 5 सेकेंड पहले लॉन्च को रोक दिया। आखिर में गगनया मिशन का महत्वपूर्ण क्रू एस्केप सिस्टम का टेस्ट सफल रहा। मॉड्यूल समंदर में पैराशूट से उतरा।