मणिपुर के कांगपोकपी में मंगलवार (12 सितंबर) को फायरिंग में 3 लोगों की मौत हो गई। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, अज्ञात हमलावरों ने कांगगुई इलाके में इरेंग और करम वैफेई गांव के बीच सुबह करीब 8.20 बजे ग्रामीणों पर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें 3 की मौत हो गई।
इससे पहले 8 सितंबर को टेंग्नौपाल के पल्लेल में भड़की हिंसा में भी तीन लोग मारे गए थे और 50 से अधिक घायल हुए थे। मणिपुर में 3 मई से कुकी और मैतेई समुदाय के बीच आरक्षण को लेकर चल रहे विवाद में अब तक 160 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
इधर, प्रदेश भाजपा के 23 विधायकों ने मंगलवार को एक प्रस्ताव पास किया, जिसमें उन्होंने 10 कुकी MLA’s के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कुकी विधायक राज्य में अलग प्रशासन की मांग कर रहे हैं। भाजपा विधायकों ने इस मांग के विरोध में अपने प्रस्ताव को लेकर CM एन बीरेन सिंह से भी मुलाकात की।